मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार युवाओं के लिए पूर्ण रूप से समर्पित सरकार है। पिछले तीन दशक से अधिक समय बाद राष्ट्रीय शिक्षा नीति मोदी सरकार के कार्यकाल में लागू की गई। इसी तरह 2014 से पहले देश में केवल 13 आईआईएम थे। अब 21 आईआईएम हो चुके हैं। 1 लाख 60 हजार से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप 17 लाख 6 हजार से अधिक नौकरियां प्रदान कर रहे हैं। वर्ष 2014 से पहले देश में केवल 16 आईआईटी थे। अब देश में यह संख्या 26 हो गई है। अब इनमें 6 हजार 500 सीटें और जोड़ी जा रही हैं। मेडिकल कॉलेज की संख्या 2045 तक पहुंच चुकी है, जिनमें 780 एलोपैथी, 323 डेंटल और 942 आयुष संस्थान शामिल हैं। 500 से अधिक नए विश्वविद्यालय स्थापित किए गए हैं। देश की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने के लिए मोदी सरकार पूर्णरूप से कृत—संकल्पित है। 2014 से पहले देश में एम्स की संख्या 7 थी, जो आज तीन गुना बढ़कर 23 हो गई है। 2014 से अब तक एमबीबीएस सीटें बढ़कर 1 लाख 18 हजार हुई और 74 हजार पीजी सीटें जुड़ी। यह चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र में ऐतिहासिक वृद्धि है। 220 करोड़ से अधिक कोविड वैक्सीन डोज दिए गए। मोदी सरकार ने भारत को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी ऐतिहासिक कार्य किया हैं। उरी और पुलवामा में आतंकी हमले के बाद मोदी सरकार ने दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ दुश्मनों के आतंकी ठिकानों को तबाह किया। पहलगांव में हुए कायराना हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साहसी निर्णय से भारतीय सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर सीमा पार के आतंकी ठिकानों को नष्ट कर 150 से अधिक आतंकियों को मार गिराकर एक नए भारत की शक्ति को प्रदर्शित किया। यह मोदी सरकार की आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस की नीति को दर्शाता है। आज देश में ‘मेक इन इंडिया’ के तहत स्वदेशी हथियार निर्मित किए जा रहे हैं। ब्रम्होस, आकाश जैसी मिसाइल, स्नाइपर राइफल्स, बुलेट प्रूफ जैकेट जैसे रक्षा उपकरणों का निर्माण करने से रक्षा क्षेत्र में भी आत्मनिर्भरता बढ़ी है। रक्षा निर्यात में 2014 से 34 गुना बढ़ोत्तरी हुई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया कि मोदी सरकार के कुशल आर्थिक प्रबंधन से देश की अर्थव्यवस्था की तस्वीर बदल गई है। मोदी सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं को अन्तिम व्यक्ति तक पहुंच सुनिश्चित की जा रही है। इसके परिणामस्वरूप 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। आज मोदी जी के नेतृत्व में सड़क, रेल, परिवहन क्षेत्र में भी क्रांतिकारी परिवर्तन भी हुए हैं। 400 विश्व स्तरीय वंदे भारत ट्रेनों का निर्माण किया जा रहा है। अब तक 136 वंदे भारत ट्रेन सेवाएं चालू हो चुकी हैं। इसी तरह 2025 में हाईवे निर्माण की गति 34 किलोमीटर प्रतिदिन तक पहुंच गई है। मेट्रो की लंबाई 2014 में 248 किलोमीटर से बढ़कर 2025 में 1013 किलोमीटर हो गई। देश में 2014 से पहले 74 हवाई अड्डे थे। जो अब बढ़कर कुल 160 हवाई अड्डे हो गए हैं। 2014 से अब तक 3.96 लाख किलोमीटर ग्रामीण सड़कें बनाई गई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार में भारत न केवल प्रगति के पथ पर दौड़ रहा है, बल्कि सनातन संस्कृति का भी उदय हो रहा है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण किया गया। भव्य काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और महाकाल प्रोजेक्ट बनाए गए। सिख तीर्थ यात्रियों के लिए करतारपुर साहिब कॉरिडोर को खुलवाया गया। वक्फ संशोधन अधिनियम, 2025 बनाया गया जो केंद्रीकृत डिजिटलीकरण और एक मजबूत ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से वक्फ संपत्तियों की पारदर्शिता, जवाबदेही और शासन को स्थापित करता है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता संभालने से लेकर अब तक प्रदेश को 2 लाख 11 हजार करोड़ रूपए केंद्र प्रवर्तित योजनाओं में प्राप्त हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों के दर्द को समझते हुए मुफ्त अनाज की योजना को जन जन तक पहुंचाया।
Previous article
Next article

