राजस्थान के पाली जिले में आज सुबह सुमेरपुर क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में चार लोगों की मौत और तीन अन्य भीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है. यह दर्दनाक घटना ब्यावर-पिंडवाड़ा हाईवे पर सुबह करीब चार बजे हुई, जब एक तेज रफ्तार इनोवा कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई. हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए. हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने बताया कि कार में सवार सभी लोग डायलाना कलां के रहने वाले थे. इनमें दो भाईयों का परिवार शामिल था, जो मुंबई से सुमेरपुर के पास एक समारोह में शामिल होने के लिए अपने गांव जा रहे थे. बताया जा रहा है कि कार चला रही युवती को एयरबैग खुलने से मामूली चोटें आईं और उनकी जान बच गई.पुलिस आशंका जता रही है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ होगा.वही टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इनोवा कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई.कार के परखच्चे उड़ गए, जिसे बाद में क्रेन की मदद से हटाया गया.सदर थाना पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर सुमेरपुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है.पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है.इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है

