देश के उत्तर और पश्चिमी राज्यों में बारिश ने भारी तबाही मचाई है। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्यप्रदेश, राजस्थान, ओडिशा और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही मूसलधार बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई जिलों में नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे स्थानीय जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है। सैटेलाइट इमेज में इन इलाकों में आई भीषण जलभराव और बाढ़ का प्रभाव साफ देखा जा सकता है। खेत डूब चुके हैं, सड़कें और रेलवे ट्रैक जलमग्न हो गए हैं और हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं, लेकिन मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश की चेतावनी दी है|

