मुरादाबाद जिले के मैनाठेर थाना क्षेत्र के ताहरपुर गांव में रविवार को नमाज़ के बाद दो पक्षों के बीच पुराने विवाद को लेकर जमकर हिंसक झड़प हो गई। बताया जा रहा है कि यह विवाद कई महीने पहले बच्चों के झगड़े से शुरू हुआ था, जो अब उग्र रूप ले चुका है।
झगड़े के दौरान दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस घटना में महिलाओं समेत करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही मैनाठेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह हालात को काबू में लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है।
फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी रहे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और झगड़े में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

