हाल ही में बाड़मेर अस्पताल के एक वायरल वीडियो ने प्रदेश भर में बिगड़ती स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खोल दी थी, यह वीडियो बाड़मेर के एक सरकारी जिला अस्पताल का था. जहां कुछ दिन पहले एक कहराते मरीज से डॉक्टर ने भद्दा मजाक किया था. जिसके बाद विधायक रविंद्र भाटी ने इस पर एक्शन लिया है. हाल ही में बाड़मेर के अस्पताल में एक मरीज डॉक्टर के पास इलाज के लिए आया था. डॉक्टर ने उसे पर्ची पर सोनोग्राफी लिख दी जिसके लिए कई दिनों की वेटिंग लिस्ट थी. इस पर उसने डॉक्टर से जल्दी करने का अनुरोध किया. जिस पर डॉक्टर ने उसका मजाक उड़ाया और कहा कि वह उसके वोट के आधार पर मशीन लगवा दें. वहीं, वायरल वीडियो सामने आने पर शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने इसे गंभीरता से लिया है. उन्होंने तत्काल चिकित्सा मंत्री को पत्र लिखकर बाड़मेर जिला अस्पताल में नई सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध कराने की सिफारिश की है. साथ ही उन्होंने प्रदेश में सरकारी अस्पतालों के बिगड़ते हालात की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया है. उन्होंने पत्र में लिखा है कि पूरे बाड़मेर जिले में प्रमुख सरकारी चिकित्सा संस्थानों की स्थिति काफी चिंताजनक है. खास तौर पर बाड़मेर जिला अस्पताल में.यहां सोनोग्राफी, सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी जरूरी जांच मशीनें खराब पड़ी हैं. जिससे जिले और आसपास के लोगों, गर्भवती महिलाओं, गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों और अन्य मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्हें जांच के लिए निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है

