बिहार में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। राज्य के 10 ज़िलों — जिनमें दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, गोपालगंज, मधुबनी, खगड़िया, सारण, भागलपुर और सुपौल शामिल हैं — में बाढ़ ने तबाही मचा दी है। कई गांव पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं और खेतों से लेकर घरों की छतों तक पानी भर गया है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक करीब 17 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। नदियों का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर चुका है, जिससे स्थिति और चिंताजनक हो गई है। प्रभावित क्षेत्रों में NDRF और SDRF की टीमें राहत और बचाव कार्यों में लगी हुई हैं। कई जगहों पर अस्थायी राहत शिविर बनाए गए हैं जहां प्रभावितों को भोजन, पानी और चिकित्सा सुविधाएं दी जा रही हैं। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं और अफवाहों से बचें। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश की संभावना जताई है, जिससे चुनौती और बढ़ सकती है।

