जहां एक ओर अहान पांडे और अनीत पड्डा की फिल्म ‘सैयारा’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है, वहीं दूसरी तरफ पवन कल्याण और बॉबी देओल की पीरियड एक्शन ड्रामा ‘हरि हर वीरा मल्लू’ ने भी धमाकेदार शुरुआत की है। गुरुवार को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले ही दिन सिनेमाघरों में जबरदस्त भीड़ खींची और प्रशंसकों से बेहतरीन रिस्पॉन्स मिला। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फिल्म ने भारत में अपने ओपनिंग डे पर लगभग 10.13 करोड़ रुपये की कमाई की है। वहीं, वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर इसका कलेक्शन 20 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। यह आंकड़े साफ तौर पर दर्शाते हैं कि फिल्म को दर्शकों से शानदार ओपनिंग रिस्पॉन्स मिला है। गौरतलब है कि ‘हरि हर वीरा मल्लू: पार्ट 1 – स्वॉर्ड वर्सेस स्पिरिट’ को पहले 12 जून को रिलीज किया जाना था, लेकिन कुछ कारणों से इसकी रिलीज डेट को पोस्टपोन कर दिया गया। अब जब फिल्म बड़े पर्दे पर आ गई है, तो बॉक्स ऑफिस पर इसकी गूंज साफ सुनाई दे रही है। फिल्म में जहां एक ओर पवन कल्याण का ऐतिहासिक योद्धा अवतार देखने को मिल रहा है, वहीं बॉबी देओल का खलनायक किरदार भी लोगों को खासा पसंद आ रहा है। सिनेमाघरों के बाहर लंबी कतारें और सीटों की बुकिंग से साफ है कि यह फिल्म आने वाले दिनों में और भी बड़ी कमाई कर सकती है।

