ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा विश्वविद्यालय में 24 वर्षीय बीटेक (कंप्यूटर साइंस) के छात्र ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान बिहार के मधुबनी निवासी शिवम डे के रूप में हुई है।शुक्रवार को उनका शव विश्वविद्यालय परिसर स्थित एचएमआर छात्रावास में फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें छात्र ने लिखा है—
“अगर आप यह पढ़ रहे हैं तो मैं मर चुका हूँ। मेरी मौत मेरा अपना फैसला है, इसमें किसी का हाथ नहीं है। मैं पिछले एक साल से इसकी योजना बना रहा था।”
नोट में शिवम ने बताया कि वह दो साल से कक्षाओं में नहीं जा रहे थे, और विश्वविद्यालय प्रशासन से अनुरोध किया कि बची हुई फीस उनके परिवार को लौटा दी जाए। साथ ही उन्होंने अंगदान की इच्छा भी जताई और देश की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए लिखा—
“अगर इस देश को महान बनना है, तो सबसे पहले शिक्षा व्यवस्था को सुधारना होगा।”
परिवार का आरोप है कि विश्वविद्यालय ने छात्र की लंबी अनुपस्थिति के बारे में उन्हें कभी सूचित नहीं किया। वहीं, पुलिस ने कहा है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

