यूक्रेन में स्थित ज़ापोरिझिया परमाणु संयंत्र के पास एक बार फिर धमाकों की आवाज़ें सुनाई दी हैं। चश्मदीदों के मुताबिक, प्लांट से महज 1200 मीटर दूर धुएं का गुबार उठता देखा गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने चिंता जताते हुए हालात की निगरानी तेज कर दी है। IAEA के अनुसार, धमाके परमाणु संयंत्र के एक सपोर्ट एरिया के पास हुए हैं, लेकिन रिएक्टर या रेडियोएक्टिव ज़ोन को अब तक कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। IAEA प्रमुख राफाएल ग्रोसी ने कहा कि ये घटनाएं न्यूक्लियर सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं और संयंत्र के आसपास किसी भी सैन्य गतिविधि को तुरंत रोका जाना चाहिए। रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान यह परमाणु संयंत्र पहले भी कई बार चर्चा में रहा है, क्योंकि यह क्षेत्र संघर्ष के बीच में है और वैश्विक स्तर पर चिंता का कारण बना हुआ है।

