livetv
Homeहेल्थक्या बच्चों के लिए मच्छर से बचाव वाली क्रीम है सुरक्षित? जानें...

क्या बच्चों के लिए मच्छर से बचाव वाली क्रीम है सुरक्षित? जानें डॉक्टर की राय और सबसे सुरक्षित उपाय

मानसून के दौरान मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ जाता है, जो अपने साथ डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी गंभीर बीमारियां लेकर आते हैं। ऐसे में छोटे बच्चों की सुरक्षा हर माता-पिता की प्राथमिकता बन जाती है। अधिकतर लोग मच्छर से बचाने के लिए क्रीम या स्प्रे का सहारा लेते हैं, लेकिन क्या ये उपाय नवजात या छोटे बच्चों के लिए सुरक्षित हैं? चलिए जानते हैं इस बारे में विशेषज्ञ डॉक्टर की सलाह। डॉ. पुनीत आनंद, जो बच्चों के रोग विशेषज्ञ हैं, उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए बताया कि बच्चों पर मच्छर से बचाने वाली क्रीम का इस्तेमाल करते समय किन जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए। इन बातों का रखें खास ध्यान:
1. 3 महीने से कम उम्र के शिशुओं पर क्रीम न लगाएं- डॉ. आनंद का कहना है कि यदि बच्चा तीन महीने से छोटा है, तो उसकी त्वचा पर DEET या पिकारिडिन जैसी केमिकल बेस्ड क्रीम या स्प्रे लगाना नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे मामलों में मच्छरदानी का उपयोग या फुल-स्लीव कपड़े पहनाना बेहतर होता है।
2. एसेंशियल ऑयल वाले प्रोडक्ट्स भी नहीं हैं पूरी तरह सेफ- यूकेलिप्टस या सिट्रोनेला ऑयल को नेचुरल समझकर लोग छोटे बच्चों पर लगा देते हैं, लेकिन डॉक्टर सलाह देते हैं कि तीन साल से छोटे बच्चों की स्किन पर इन्हें भी न लगाएं, क्योंकि इससे एलर्जी या स्किन इरिटेशन हो सकती है।
3. चेहरे से दूर रखें ये प्रोडक्ट्स- मच्छर भगाने वाली कोई भी क्रीम आंखों, नाक या मुंह के पास नहीं लगानी चाहिए। अगर बच्चे की स्किन पर रैश या कट हो, तो वहां भी क्रीम से बचना चाहिए।
4. हाथों पर न लगाएं क्रीम- बच्चे अक्सर अपने हाथ मुंह में डालते हैं, ऐसे में अगर हाथों पर क्रीम लगी होगी तो वह उनके शरीर में जा सकती है, जिससे हेल्थ रिस्क हो सकता है।
5. स्किन टेस्ट करना न भूलें- किसी भी नए प्रोडक्ट को इस्तेमाल करने से पहले एक छोटे हिस्से पर टेस्ट करना जरूरी है। अगर रिएक्शन हो जैसे खुजली, जलन या रैश, तो तुरंत उसे साफ कर दें।