livetv
Homeट्रेंडिंगजयपुर में 28 जून से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, 4.60 लाख से...

जयपुर में 28 जून से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, 4.60 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

जयपुर, 23 जून। जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का आयोजन 28 जून से किया जाएगा। अभियान के तहत नवजात से लेकर पांच वर्ष तक के 4 लाख 60 हजार से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिलेभर में 4064 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहां बच्चों को “दो बूंद जिंदगी की” पिलाई जाएगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। 28 जून को निर्धारित बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी, जबकि इसके बाद आगामी दिनों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को भी दवा पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाई जा सके।

जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशा मीणा ने बताया कि अभियान के बाद तीन दिनों तक ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मोबाइल टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। अभियान के सुचारु संचालन के लिए 737 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा 140 ट्रांजिट टीमें और 177 मोबाइल टीमें भी सक्रिय रूप से कार्य करेंगी।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएं और उन्हें पोलियो की खुराक पिलाकर इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने में सहयोग करें।