livetv
Homeइंटरनेशनलराजस्थान की स्वर्णनगरी जैसलमेर का फ्रांस से अनूठा समझौता

राजस्थान की स्वर्णनगरी जैसलमेर का फ्रांस से अनूठा समझौता

राजस्थान की स्वर्णनगरी जैसलमेर और फ्रांस का ऐतिहासिक शहर कारकासोन अब ‘जुड़वां शहर’ बन गए हैं। दोनों शहरों के बीच सांस्कृतिक विरासत, धरोहरों के संरक्षण और विकास को साझा करने के लिए एक ज्वॉइंट सिटी एग्रीमेंट (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते पर कारकासोन के मेयर जेरार्ड लैरेट और जैसलमेर नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सोढ़ा ने हस्ताक्षर किए, जबकि सांस्कृतिक प्रतिनिधि के तौर पर पूर्व महारावल चैतन्यराज सिंह भी मौजूद रहे। यह पहल पिछले साल शुरू हुई थी जब कारकासोन का प्रतिनिधिमंडल जैसलमेर पहुंचा था और दोनों शहरों के बीच पर्यटन, किलों की सुरक्षा, जल संरक्षण, स्वच्छता और मास्टर प्लान जैसे विषयों पर चर्चा हुई थी। अब इस एमओयू का उद्देश्य दोनों शहरों की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित रखते हुए पर्यटन और सतत विकास को बढ़ावा देना है। गौरतलब है कि जैसलमेर और कारकासोन दोनों ही यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट्स हैं। जैसलमेर अपने सोनार किले और रेगिस्तानी संस्कृति के लिए प्रसिद्ध है, वहीं कारकासोन 800 ईसा पूर्व बसा था और अपनी मध्यकालीन दीवारों व ऐतिहासिक बसावट के लिए मशहूर है। हर साल करीब 40 लाख पर्यटक कारकासोन पहुंचते हैं और अब उम्मीद है कि इस समझौते से जैसलमेर में भी पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई ऊँचाइयाँ मिलेंगी।