महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण पश्चिम स्थित निक्की नगर इलाके में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक, एक महिला अपने बच्चे को स्कूल छोड़कर स्कूटी से घर वापस आ रही थी। जैसे ही वह मुख्य सड़क पर पहुंची, पीछे से आ रहे तेज़ रफ्तार ट्रक ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि महिला सड़क पर गिर पड़ी और ट्रक के नीचे आ गई। आसपास के लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। इस पूरे हादसे का वीडियो पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि ट्रक ने लापरवाही से स्कूटी को टक्कर मारी। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को तुरंत सूचना दी। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है। अचानक हुए इस हादसे से इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है।

