IPL 2026 के ऑक्शन में कई अनकैप्ड खिलाड़ियों की किस्मत चमकी है। इनमें राजस्थान के विकेटकीपर-बल्लेबाज कार्तिक शर्मा का नाम सबसे ऊपर रहा। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने इस युवा खिलाड़ी पर 14 करोड़ 20 लाख रुपये खर्च कर सबको चौंका दिया।
आमतौर पर ऑक्शन में संयम दिखाने वाली CSK ने कार्तिक के लिए आक्रामक बोली लगाई। दिलचस्प बात यह रही कि कार्तिक का बेस प्राइस सिर्फ 30 लाख रुपये था। इसी बेस प्राइस से ऑक्शन में उतरकर वह IPL इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ियों में शामिल हो गए।
5 टीमों के बीच चली जबरदस्त बोली
कार्तिक शर्मा का नाम अनकैप्ड विकेटकीपर्स की सूची में था। उनकी बोली की शुरुआत मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स ने की। इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स भी रेस में शामिल हुई। बाद में चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच जबरदस्त बिडिंग वॉर देखने को मिला।
आखिरकार CSK ने बाजी मार ली और कार्तिक को अपनी टीम में शामिल कर लिया। खास बात यह है कि कार्तिक पहले भी CSK के साथ ट्रेनिंग कर चुके हैं, जिससे टीम मैनेजमेंट उन्हें करीब से जानता है।
क्यों खास हैं कार्तिक शर्मा?
19 साल के कार्तिक शर्मा को उनकी पावर हिटिंग के लिए जाना जाता है। उन्होंने अब तक घरेलू क्रिकेट में सिर्फ 12 टी20 मुकाबले खेले हैं, लेकिन इन मैचों में उनका प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा है।
कार्तिक ने 164 के स्ट्राइक रेट से 334 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 28 छक्के जड़े हैं, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का साफ सबूत है। उनकी हिटिंग ने राजस्थान की टीम को बल्लेबाजी में गहराई दी और टीम को नॉकआउट तक पहुंचाने में भी उनका अहम योगदान रहा।
पूर्व क्रिकेटर अश्विन से लेकर केविन पीटरसन तक कार्तिक की पावर हिटिंग की तारीफ कर चुके हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या CSK और महेंद्र सिंह धोनी, कार्तिक में अपने भविष्य की झलक देख रहे हैं?
CSK का भरोसा और धोनी कनेक्शन
चेन्नई सुपर किंग्स हमेशा से युवा खिलाड़ियों को तराशने के लिए जानी जाती है। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में कई अनकैप्ड खिलाड़ी बड़े स्टार बने हैं। ऐसे में कार्तिक पर लगाया गया भारी दांव इसी सोच का हिस्सा माना जा रहा है।
ऑक्शन की अन्य बड़ी बातें
कार्तिक शर्मा को JSW ग्रुप स्पॉन्सर करता है, जो नीरज चोपड़ा जैसे कई शीर्ष एथलीट्स से जुड़ा हुआ है। IPL में JSW के पास दिल्ली कैपिटल्स की मालिकाना हिस्सेदारी भी है, हालांकि कार्तिक अब CSK का हिस्सा होंगे।
वहीं, जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी दार को दिल्ली कैपिटल्स ने 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा। उनकी बेस प्राइस भी 30 लाख रुपये थी।
इस मिनी ऑक्शन में कुल 359 खिलाड़ी शामिल थे, जिनमें 246 भारतीय और 113 विदेशी खिलाड़ी थे। 10 फ्रेंचाइजी ने कुल 77 स्लॉट्स के लिए बोली लगाई, जिनमें 31 स्थान विदेशी खिलाड़ियों के लिए आरक्षित थे।

