राजस्थान में चल रहे स्पेशल समरी रिवीजन (SIR) अभियान में बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLOs) ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। घर-घर जाकर वोटर्स से जानकारी जुटाने और फॉर्म भरवाने का काम बेहद तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। इसी बीच, प्रदेश के 353 बीएलओ ने तय समय से पहले ही अपने बूथ के सभी वोटर्स के फॉर्म भरकर निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर अपलोड कर दिए हैं।
सबसे आगे बाड़मेर जिला रहा, जहाँ 51 बीएलओ ने 100% लक्ष्य पूरा कर बाकी जिलों के लिए मिसाल कायम की है।
गुड़ामालानी से 23
शिव से 13
बाड़मेर से 11
चौहटन से 4 बीएलओ
इसी तरह ब्यावर के 22, बालोतरा और जयपुर के 19-19, और धौलपुर के 18 बीएलओ भी टॉप परफॉर्मर्स में शामिल हुए हैं।
विधानसभा स्तर पर गुड़ामालानी अव्वल रहा, जबकि इसके बाद मसूदा, शिव और बायतू का स्थान आता है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बीएलओ को “अग्रिम मोर्चे के सिपाही” बताते हुए कहा कि उनकी मेहनत लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण नींव को मजबूत कर रही है। समय से पहले काम पूरा करने वाले 78 बीएलओ को सम्मानित भी किया जा चुका है, और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

