जयपुर। भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 1989 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं पूर्व राजस्व मंडल अध्यक्ष राजेश्वर सिंह ने शुक्रवार को राजस्थान के राज्य निर्वाचन आयुक्त का पदभार ग्रहण किया।
राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय पहुंचने पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं सचिव नलिनी कठोतिया सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और पुष्पगुच्छ भेंट किए।
पारदर्शिता और निष्पक्षता पर जोर
पदभार ग्रहण करने के बाद श्री राजेश्वर सिंह ने कहा कि राज्य में पंचायती राज संस्थाओं एवं नगरीय निकायों के चुनाव पूरी तरह से संवैधानिक और वैधानिक प्रावधानों, न्यायिक निर्णयों, निष्पक्षता और पारदर्शिता के आधार पर संपन्न कराए जाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी जिला निर्वाचन अधिकारी और कर्मचारी आयोग की मंशा के अनुरूप कार्य करेंगे और निष्पक्षता का परिचय देंगे।
व्यापक अनुभव
राजेश्वर सिंह का प्रशासनिक अनुभव बेहद समृद्ध रहा है। वे जालोर और जयपुर में जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, उदयपुर, भरतपुर और जयपुर में संभागीय आयुक्त के पदों पर कार्य कर चुके हैं।
इसके अलावा वे अतिरिक्त मुख्य सचिव (ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग) तथा महानिदेशक, इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
यहाँ देखे – पूर्व आईएएस डॉ. राजेश्वर सिंह ने संभाला राज्य निर्वाचन आयुक्त का पदभार
