जयपुर में युवाओं द्वारा संचालित रक्षा फाउंडेशन पक्षियों, सरीसृपों और अन्य वन्यजीवों के संरक्षण के लिए लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। यह एक स्थानीय पशु कल्याण संगठन है, जिसे कुछ समर्पित लोगों द्वारा संचालित किया जा रहा है। संगठन का मुख्य उद्देश्य पशुओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण में सुधार करना है।
रक्षा फाउंडेशन न केवल पशु बचाव बल्कि राजस्थान के पर्यावरणीय पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। संस्था का लक्ष्य राजस्थान क्षेत्र में पक्षियों एवं पशुओं की सहायता कर वन्यजीवों की रक्षा करना है।
जागरूकता अभियानों से लोगों को प्रकृति से जोड़ने का प्रयास
रक्षा फाउंडेशन द्वारा समय-समय पर लोगों को पशु सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए कई अभियान चलाए जाते हैं। संस्था द्वारा राजस्थान में पशु बचाव, पक्षी बचाव, सरीसृप बचाव, शाकाहार को बढ़ावा, पशु आश्रय और स्वच्छता अभियान जैसे अनेक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
मकर संक्रांति पर आपातकालीन चिकित्सा शिविर
मकर संक्रांति के दौरान पक्षियों के घायल होने की आशंका को देखते हुए रक्षा फाउंडेशन द्वारा जयपुर में आपातकालीन चिकित्सा शिविर लगाए जाते हैं। इसी क्रम में आज राम निवास बाग, जेएलएन मार्ग स्थित कैंप में रोटरी क्लब ऑफ जयपुर मिडटाउन की टीम ने विजिट किया।
क्लब अध्यक्ष रोटेरियन तनुजा अग्रवाल, क्लब सचिव रोटेरियन डॉ. आदित्य नाग, कोषाध्यक्ष रोटेरियन अर्जुन सक्सेना सहित अन्य गणमान्य सदस्यों ने रक्षा फाउंडेशन की कार्यप्रणाली को नजदीक से देखा, समझा और सराहा।
रोटरी क्लब की सहायता
रोटरी क्लब अध्यक्ष तनुजा अग्रवाल ने क्लब की ओर से ₹5,000 नकद सहायता प्रदान की और साथ ही 50 पीपी किट देने की अनुशंसा की।
इस अवसर पर रोटेरियन डॉ. आदित्य नाग ने कहा कि यह खेदजनक है कि इतने महत्वपूर्ण कार्यों पर सरकार मौन है और किसी भी प्रकार की सहायता नहीं की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि रोटरी क्लब मिडटाउन हर संभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है और यह सहयोग आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने संस्था के मुख्य संचालक से आवश्यकताओं की सूची साझा करने का भी आग्रह किया।
विदेशी डॉक्टर की नि:शुल्क सेवा
विजिट के दौरान शिविर में घायल कबूतरों का इलाज चल रहा था। विशेष बात यह रही कि इंग्लैंड से आए एक सीनियर सर्जन भी रक्षा फाउंडेशन के साथ मिलकर नि:शुल्क सेवाएं दे रहे हैं, जो संस्था के कार्यों की विश्वसनीयता और प्रभाव को दर्शाता है।
रक्षा फाउंडेशन आज न केवल पशु-पक्षियों की जान बचा रहा है, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना भी पैदा कर रहा है।

