जयपुर के नीरजा मोदी स्कूल में चौथी मंजिल से कूदकर छात्रा की मौत के मामले में राज्य सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने साफ कहा है कि यदि स्कूल प्रशासन ने जांच में सहयोग नहीं किया या शिक्षा विभाग की टीम को रोकने की कोशिश की, तो उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
मंत्री दिलावर ने कहा — “सरकार जांच कर रही है कि स्कूल को एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) किस नियम के तहत दी गई थी और सीबीएसई की मान्यता किस आधार पर दी गई। प्रतिष्ठित निजी स्कूल में इस तरह की घटना होना बेहद गंभीर और चिंता का विषय है।”
शिक्षा मंत्री ने जताई नाराजगी, बोले — “किसी भी दबाव में नहीं आएगी सरकार”
दैनिक लोकमत राजस्थान से बातचीत में शिक्षा मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने इस पूरे मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई तय होगी।
“अगर यह साबित होता है कि स्कूल प्रशासन ने जांच में बाधा डाली है, तो भविष्य में होने वाली कार्रवाई देखने लायक होगी। सरकार किसी भी दबाव या प्रभाव में नहीं आने वाली,” — दिलावर ने कहा।
पीड़ित परिवार से मुलाकात, जांच में शामिल होंगी परिजनों की बातें

रविवार को शिक्षा मंत्री मदन दिलावर जयपुर स्थित पीड़ित छात्रा अमायरा के घर पहुंचे और परिवार से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि परिवार से हुई बातचीत में जो भी तथ्य सामने आए हैं, उन्हें जांच का हिस्सा बनाया जाएगा।
“हम सच्चाई तक पहुंचने के लिए हर कोण से जांच करवा रहे हैं। जांच रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।”
निजी स्कूलों को दी कड़ी चेतावनी
शिक्षामंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि यह मामला केवल नीरजा मोदी स्कूल तक सीमित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा — “राजस्थान के सभी निजी स्कूलों को शिक्षा विभाग की गाइडलाइन का सख्ती से पालन करना होगा। किसी भी स्कूल ने यदि नियमों की अनदेखी की या लापरवाही बरती, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
शिक्षा विभाग और सीबीएसई की संयुक्त जांच जारी
राज्य सरकार ने इस मामले को उदाहरण (नजीर) के रूप में लेने का फैसला किया है ताकि भविष्य में कोई भी संस्थान नियम उल्लंघन से पहले सौ बार सोचे। शिक्षा विभाग और सीबीएसई की संयुक्त टीम जल्द ही अपनी रिपोर्ट शिक्षा मंत्री को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर स्कूल प्रबंधन, प्राचार्य और संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय की जाएगी।
पृष्ठभूमि: 4th फ्लोर से कूदने का वीडियो आया सामने
1 नवंबर को मानसरोवर स्थित नीरजा मोदी स्कूल में चौथी कक्षा की छात्रा अमायरा ने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी थी। CCTV फुटेज में बच्ची रेलिंग पर बैठकर कुछ सेकेंड बाद नीचे कूदते हुए दिख रही है।
इस हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन का रवैया सवालों के घेरे में है। बताया गया कि जब शिक्षा विभाग की टीम जांच के लिए पहुंची, तो स्कूल का दरवाजा बंद कर दिया गया और न तो प्रिंसिपल मिलीं, न ही कोई अधिकारी।
DEO बोले — “मान्यता रद्द करने की कार्रवाई होगी”
जयपुर के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने कहा है कि स्कूल की मान्यता रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। सरकार इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेगी।
