livetv
Homeस्टेट न्यूजराज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा – लोकतंत्र सुदृढ़ बनाने में युवाओं की...

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा – लोकतंत्र सुदृढ़ बनाने में युवाओं की अहम भूमिका

विश्व लोकतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित भारतीय युवा संसद अधिवेशन में राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने कहा कि भारतीय संविधान सर्वाेच्च है और लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए।

राज्यपाल ने इंदिरा गांधी पंचायत राज संस्थान सभागार में हुए कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही की संस्कृति विकसित करना समय की मांग है। उन्होंने युवाओं को ‘देश प्रथम’ की सोच से कार्य करने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

श्री बागडे ने कहा कि संविधान निर्माण के समय बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने विश्वभर की श्रेष्ठ व्यवस्थाओं को भारतीय संविधान में समाहित किया। इसी कारण भारत आज विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जो समानता, न्याय और उच्च जीवन मूल्यों पर आधारित है।

राज्यपाल ने सही शिक्षा को लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताते हुए कहा कि विद्यालयों और महाविद्यालयों में युवाओं की बौद्धिक व शारीरिक क्षमता को बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह थाली में भोजन का नियोजन कर फेंकने से बचा जा सकता है, उसी प्रकार समाज और राष्ट्र के स्तर पर भी योजनाबद्ध कार्य आवश्यक हैं।

सुशासन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के प्रयोग पर उन्होंने कहा कि यह निर्णय लेने की प्रक्रिया तेज कर सकती है और नागरिक सुविधाओं में सुधार ला सकती है, लेकिन इसका उपयोग सावधानीपूर्वक होना चाहिए ताकि यह मानवीय गरिमा और जीवन मूल्यों पर हावी न हो।

कार्यक्रम के आरंभ में राज्यपाल ने लोकतंत्र वैचारिकी पुस्तिका का लोकार्पण भी किया।

यह भी पढ़े – उत्तरकाशी: धराली गांव में बाढ़ के बीच देव आस्था बनी ढाल, समेश्वर देवता के मेले से टली बड़ी त्रासदी