livetv
Homeentertainment19वें दिन 900 करोड़ से ज्यादा की कमाई, वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड

19वें दिन 900 करोड़ से ज्यादा की कमाई, वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड

आदित्य धर के निर्देशन में बनी स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए इतिहास रच रही है। रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना स्टारर इस फिल्म ने रिलीज़ के 19वें दिन वर्ल्डवाइड 905 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही ‘धुरंधर’ 2025 की पहली भारतीय फिल्म बन गई है, जिसने 900 करोड़ क्लब में एंट्री की है।

फिल्म को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। अक्षय खन्ना, रणवीर सिंह और अन्य कलाकारों की दमदार एक्टिंग के साथ-साथ मजबूत स्क्रिप्ट और शानदार निर्देशन ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच रखा है। आमतौर पर जहां फिल्में दूसरे या तीसरे हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर धीमी पड़ जाती हैं, वहीं ‘धुरंधर’ अपने तीसरे हफ्ते के वर्किंग डेज़ में भी शानदार कलेक्शन कर रही है।

आदित्य धर ने जिस अंदाज़ में इस फिल्म को बड़े पर्दे पर पेश किया है, वैसा प्रयोग बॉलीवुड में अब तक बहुत कम देखने को मिला है। यही वजह है कि फिल्म न सिर्फ कमाई कर रही है, बल्कि हर दिन नए रिकॉर्ड भी बना रही है।

तीसरे हफ्ते में बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

सैकनिल्क के मुताबिक, 19वें दिन यानी मंगलवार को फिल्म ने भारत में 17.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म का डोमेस्टिक नेट कलेक्शन 589.50 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 707.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

तीसरे हफ्ते में ‘धुरंधर’ ने अब तक की सबसे ज्यादा कमाई दर्ज की है, जो भारतीय सिनेमा के इतिहास में बेस्ट थर्ड वीक रिकॉर्ड माना जा रहा है।

  • ‘पुष्पा 2: द रूल’ ने पूरे तीसरे हफ्ते में 129 करोड़ रुपये कमाए थे

  • ‘बाहुबली 2’ का तीसरे हफ्ते का कलेक्शन 127 करोड़ रुपये था

जबकि ‘धुरंधर’ ने सिर्फ 5 दिनों में ही 129 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। क्रिसमस हॉलिडे को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि तीसरे हफ्ते का कलेक्शन 170 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है

1000 करोड़ क्लब की ओर तेजी से बढ़ती ‘धुरंधर’

फिल्म की मजबूत पकड़ को देखते हुए यह साफ है कि ‘धुरंधर’ जल्द ही 1000 करोड़ क्लब में शामिल हो सकती है। इतना ही नहीं, यह फिल्म अब ‘सीक्रेट सुपरस्टार’, ‘एनिमल’ और ‘बजरंगी भाईजान’ को पीछे छोड़ते हुए ऑल-टाइम टॉप 10 हाईएस्ट ग्रॉसिंग इंडियन फिल्मों की सूची में जगह बनाने की ओर बढ़ रही है।

बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ का तूफान फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है और आने वाले दिनों में यह फिल्म कई और बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।