झालावाड़ में डग पुलिस ने धार्मिक भावनाएं भड़काने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 24 अप्रैल को हुई थी, जब कस्बा डग में एक गोलीकांड के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया था।पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के अनुसार, विनोद कुमार आसूचना अधिकारी ने 26 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि 24 अप्रैल को कस्बा डग में एक धार्मिक स्थल से लाउडस्पीकर के माध्यम से धार्मिक भावनाएं भड़काने वाला अनाउंसमेंट किया गया।डग थानाधिकारी वासुदेव सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने 2 मई को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में शकील मोहम्मद (31), अल्फेज रंगरेज (23) और ईलाही (29) शामिल हैं। शकील मोहम्मद पठारी मोहल्ला डग का रहने वाला है। अल्फेज रंगरेज मूल रूप से मंदसौर के गरोठ का निवासी है, जो वर्तमान में डग में रह रहा था। ईलाही पुराने बस स्टैंड के पीछे डग में रहता है। घटना की गम्भीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिरंजी लाल मीणा, वृत्ताधिकारी गंगधार जय प्रकाश अटल के सुपरविजन एवं थानाधिकारी डग वासुदेव सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा शुक्रवार को मस्जिद से अनाउन्स करने वाले आरोपी शकील मोहम्मद, अल्फेज रंगरेज व ईलाही को गिरफ्तार करने में सफलता अर्जित की है।

