राजस्थान के कृषि मंत्री किरोडीलाल मीणा की लगातार कार्रवाई और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात के बाद कृषि क्षेत्र में बड़ी हलचल देखने को मिल रही है .वही अब मिलावटी खाद,घटिया बीज और नकली कीटनाशकों के खिलाफ केंद्र की ओर से बड़ी कार्रवाई के संकेत मिल रहे है और जल्द ही इस पर एक नया कानून बनने वाला है .क्योंकि कृषि मंत्री किरोडीलाल मीणा और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह की मुलाकात के बाद किरोडीलाल मीणा ने अपना बयान भी जारी कर दिया है. डॉ. मीणा ने बताया कि हाल ही में राजस्थान में उनके विभाग द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत नकली खाद, घटिया बीज और कीटनाशकों की बड़ी खेप पकड़ी गई. साथ ही एक नकली बायो-डीजल बनाने वाला प्लांट भी जब्त किया गया है. इस कार्रवाई के बाद उन्होंने केंद्र सरकार से इस पूरे कारोबार पर नकेल कसने के लिए सख्त कानून बनाने की मांग की. डॉ. मीणा ने अपनी दिल्ली यात्रा के दौरान शिवराज सिंह चौहान से इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा, ‘मैंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि देशभर में ऐसे मामलों पर नियंत्रण के लिए एक कड़ा कानून बनाया जाए. उन्होंने आश्वासन दिया कि इस दिशा में काम शुरू हो चुका है और संसद में जल्द ही एक कानून पेश किया जाएगा.’ इस बयान के बाद कृषि क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है. माना जा रहा है कि यदि यह कानून संसद में पारित होता है, तो नकली खाद-बीज और कीटनाशक बेचने वालों पर कठोर दंड का प्रावधान किया जाएगा. किसानों को लंबे समय से इसकी मांग रही है क्योंकि यह मिलावटी कारोबार सीधे उनकी फसल और आजीविका को नुकसान पहुंचाता है.राजस्थान में की गई इस कार्रवाई और उसके बाद उठाए गए राजनीतिक कदमों से यह संकेत मिल रहा है कि राज्य अब इस मुद्दे पर राष्ट्र स्तर पर नेतृत्व करने के लिए तैयार है. यदि संसद में यह कानून आता है, तो यह पूरे देश के किसानों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है.

