स्कूल हादसों के बाद शिक्षा मंत्री का सख्त आदेश
जर्जर भवनों में न हो पढ़ाई, शिक्षक खुद ले सकेंगे छुट्टी का फैसला
राजस्थान में हाल ही में झालावाड़ और जैसलमेर के स्कूलों में हुए हादसों के बाद सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने प्रदेश के सभी शिक्षकों को मानसून के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जहां स्कूल भवन जर्जर और बच्चों के लिए खतरा बन चुके हैं, वहां शिक्षकों को पूरी छूट है कि वे स्कूल में ताला लगाकर छुट्टी कर दें।
मदन दिलावर ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की जान-माल की क्षति नहीं होनी चाहिए। यदि किसी स्कूल की स्थिति बेहद खराब है, तो शिक्षक अपने स्तर पर स्कूल बंद करने का निर्णय ले सकते हैं। इसके लिए उन्हें केवल उच्च अधिकारियों को फोन पर सूचना देना पर्याप्त होगा।
सरकार का यह फैसला मानसून के दौरान बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है। साथ ही यह शिक्षकों को जिम्मेदारी और निर्णय का अधिकार भी देता है ताकि वे बिना किसी दबाव के सही कदम उठा सकें।
इस निर्देश के बाद अब राज्यभर के स्कूलों में जर्जर भवनों को लेकर प्रशासन और शिक्षक दोनों ही अलर्ट मोड पर हैं।

