जयपुर के नाहरगढ़ की पहाड़ियों में शनिवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां लगभग 100 फीट गहरी खाई में मानव कंकाल पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि शव करीब एक महीने पुराना हो सकता है। पुलिस के अनुसार, मृत शरीर का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा जंगली जानवर खा चुके थे, जिसके कारण केवल हड्डियों का ढांचा ही शेष बचा था। यह मामला तब सामने आया जब घूमने गए कुछ युवकों ने खाई में कंकाल देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। फिलहाल पुलिस ने कंकाल बरामद कर लिया है और शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

