जयपुर। विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में आज “नमो युवा रन – नशा मुक्त भारत के लिए, ग्रीन फिट इंडिया मैराथन” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया और हरी झंडी दिखाकर मैराथन की शुरुआत की। युवाओं में फिटनेस को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। आयोजन समिति की ओर से उपमुख्यमंत्री का स्वागत भी किया गया।
फिटनेस और स्वच्छता पर दिया कुमारी के संदेश
दिया कुमारी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ रहने के लिए हमें अच्छे खानपान की आदत अपनानी चाहिए। उन्होंने स्वच्छता का संदेश देते हुए कहा कि हमें खुद भी सफाई रखनी चाहिए और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार स्वच्छ भारत की बात करते हैं और अब यह हम सबकी जिम्मेदारी है कि उनके सपने को साकार करें।

उन्होंने सेवा पखवाड़ा का उल्लेख करते हुए कहा कि हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम हमेशा दूसरों की मदद करेंगे, क्योंकि सेवा सबसे बड़ा पुण्य है।
प्लास्टिक मुक्त भारत और स्वदेशी उत्पादों पर जोर
उपमुख्यमंत्री ने प्लास्टिक के दुष्प्रभावों पर चिंता जताई और कहा कि इसके कारण मौसम और पर्यावरण पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को भी इसके नुकसान के बारे में जागरूक करें। साथ ही, सभी को स्वदेशी उत्पादों का इस्तेमाल करने की सलाह दी ताकि देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो सके।
उन्होंने कहा कि जीएसटी दरों में कटौती से आम जनता को राहत मिली है और रोजमर्रा की वस्तुएं सस्ती हुई हैं।
प्रधानमंत्री की मुहिम को आगे बढ़ाने का आह्वान
दिया कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा जनता के हित में काम करते हैं। उन्होंने कहा, “हम सबका कर्तव्य है कि उनकी हर मुहिम को आगे बढ़ाएं। मैं भी हमेशा आपके साथ खड़ी हूं। किसी भी समस्या को सीधे मुझे बताएं, उसका समाधान करने का पूरा प्रयास करूंगी।”
विजेताओं का सम्मान
मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को उपमुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मौजूद रहे

इस अवसर पर आयोजक वीरेंद्र सिंह, योगेश दाधीच, सुभाष गोयल, संजय खंडेलवाल, राकेश अग्रवाल सहित पार्षदगण और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी देखे – एआई टूल्स: अब हमारी रोज़मर्रा की ज़िंदगी का हिस्सा
