राजस्थान सरकार द्वारा 2 से 15 अक्टूबर तक आयोजित ‘सहकार सदस्यता अभियान’ के तीसरे दिन शनिवार को प्रदेशभर में 641 पैक्स स्तर पर शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में आमजन और सहकारी बंधुओं की अच्छी खासी भागीदारी देखी गई और सहकारिता विभाग से संबंधित कार्यों को अभियान के माध्यम से तीव्र गति से सम्पन्न किया जा रहा है।
अभियान के प्रारंभिक तीन दिनों में कुल 1,682 पैक्स में शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इसके साथ ही, पैक्सविहीन ग्राम पंचायतों में ‘ग्रामीण सेवा शिविरों’ के तहत अभियान से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इस अभियान का एक मुख्य उद्देश्य प्रस्तावित नवीन सहकारी कानून के प्रमुख प्रावधानों के बारे में आमजन को जागरूक करना है। शिविरों में पम्फलेट वितरण और विचार-विमर्श सत्रों के माध्यम से लोगों को नवीन कानून की जानकारी दी जा रही है।
शनिवार को आयोजित शिविरों में 20,000 से अधिक लोगों को नवीन सहकारी कानून से अवगत कराया गया। अब तक कुल 1.90 लाख से अधिक लोगों को इस कानून के प्रावधानों की जानकारी प्रदान की जा चुकी है।
इसके अलावा, अभियान के तहत पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लंबित आवेदनों में से 16,432 पात्र किसानों की आधार सीडिंग और 7,748 पात्र किसानों की ई-केवाईसी पूरी की जा चुकी है। प्रदेश में वर्तमान में 2,173 ग्राम पंचायतें पैक्सविहीन हैं, जिनमें से 1,340 में सर्वे कार्यवाही पूरी हो चुकी है और 837 पैक्स के लिए जिला स्तरीय समितियों की बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं।
अभियान में नवीन पैक्स गठन की प्रक्रिया भी तेज गति से चल रही है। गोदाम निर्माण के लिए 1,141 पैक्स और केवीएसएस द्वारा भूमि आवंटन के लिए आवेदन किए जा चुके हैं। साथ ही, सहकारी समितियों में अधिक से अधिक नए सदस्य जोड़ने के लिए प्रयास जारी हैं।
यह भी पढ़िए –
ट्रंप प्रशासन का नया कदम: अवैध प्रवासियों को अमेरिका छोड़ने पर मिलेंगे 2500 डॉलर


