नेशनल हाईवे पर सफर करने वालों के लिए राहत की खबर है। अब जाम, खराब मौसम या अचानक हुए हादसों की जानकारी पहले ही आपके मोबाइल तक पहुंच जाएगी। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने रिलायंस जियो के साथ मिलकर एक टेलिकॉम बेस्ड अलर्ट सिस्टम तैयार किया है, जो यात्रियों को समय रहते जरूरी सूचनाएं देगा।
इस नए सिस्टम के तहत इमरजेंसी से जुड़े अलर्ट WhatsApp, SMS और कॉल के जरिए भेजे जाएंगे। यानी अगर आपके फोन में इंटरनेट नहीं भी है, तब भी जरूरी जानकारी आपको मिलती रहेगी।
हाइवे पर कहां क्या परेशानी, सब मिलेगा अलर्ट में
NHAI के इस अलर्ट सिस्टम के जरिए हाईवे पर मौजूद यात्रियों को कई तरह की जानकारियां दी जाएंगी। इनमें दुर्घटना संभावित क्षेत्र, आवारा पशुओं की मौजूदगी, घने कोहरे वाले इलाके, मौसम की खराब स्थिति और किसी हादसे की वजह से होने वाले रूट डायवर्जन की जानकारी शामिल है। इसके अलावा ट्रैफिक जाम से जुड़े अलर्ट भी मोबाइल पर भेजे जाएंगे।
NHAI इस सिस्टम को अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म Rajmargyatra ऐप और इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर 1033 से भी जोड़ेगा, ताकि यात्रियों को एक ही जगह पर सारी जानकारी मिल सके।
बिना इंटरनेट भी मिलेगा अलर्ट
इस सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह रिलायंस जियो के मौजूदा 4G और 5G नेटवर्क पर काम करता है। इसके लिए किसी नए टॉवर या अलग इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत नहीं होगी। चूंकि यह टेलिकॉम बेस्ड सिस्टम है, इसलिए SMS और कॉल के जरिए भी अलर्ट मिलेगा।
अगर आपके मन में सवाल है कि इसके लिए जियो की सिम जरूरी होगी, तो जवाब है—नहीं। जियो सिर्फ इस प्रोजेक्ट में टेक्नोलॉजी पार्टनर है, जबकि इसका संचालन पूरी तरह NHAI के पास रहेगा।
FASTag KYC को लेकर भी दूर हुई गलतफहमी
इसी बीच NHAI ने FASTag KYC को लेकर फैल रही अफवाहों पर भी स्थिति साफ की है। KYC के लिए तीन फोटो अपलोड करने की जरूरत नहीं है। आपको सिर्फ अपने वाहन की एक साफ फोटो, जिसमें नंबर प्लेट और लगी हुई FASTag साफ दिखाई दे, अपलोड करनी होगी।
जिस बैंक या ऐप से आपने FASTag लिया है, जैसे ICICI Bank या Paytm, उसके पोर्टल पर लॉगिन कर यह फोटो अपलोड की जा सकती है। वाहन के अंदर, साइड या किसी अन्य एंगल से फोटो देने की आवश्यकता नहीं है। पुरानी प्रक्रिया को NHAI पहले ही खत्म कर चुका है।
हाइवे पर सफर अब पहले से ज्यादा सुरक्षित और सुविधाजनक होने वाला है। NHAI का यह नया अलर्ट सिस्टम यात्रियों की परेशानी कम करने और समय की बचत में अहम भूमिका निभाएगा।
यह भी पढ़े – विधायक निधि भ्रष्टाचार मामला: कांग्रेस विधायक पर भी गिरी गाज, हाईकमान तक जाएगी रिपोर्ट

