राजस्थान के अलवर जिले में एक ट्रांसपोर्टर को लग्जरी एसी बस सस्ते में दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। यह मामला मल्होत्रा बस सर्विस के मालिक से जुड़ा है, जिन्हें एक दलाल ने भरोसे में लेकर करीब 29.84 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ट्रांसपोर्टर ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने खुद को एक बड़े वाहन डीलर से जुड़ा हुआ बताया और कहा कि वह दिल्ली से कम दाम में अच्छी कंडीशन वाली लग्जरी AC बस दिलवा सकता है। शुरुआत में आरोपी ने कुछ डाक्यूमेंट्स और व्हाट्सएप पर फोटो व वीडियो दिखाकर विश्वास दिलाया। इसके बाद किश्तों में कुल 29,84,000 रुपये आरोपी को ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए गए। लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी न तो बस मिली और न ही आरोपी ने कोई संतोषजनक जवाब दिया। जब पीड़ित ने दबाव बनाया तो आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया और उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद पीड़ित ने अलवर के थाने में जाकर ठगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

