livetv
Homeवायरलरक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए सीएम भजनलाल का तोहफा, दो दिन रोडवेज...

रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए सीएम भजनलाल का तोहफा, दो दिन रोडवेज बसों में मिलेगी फ्री यात्रा सुविधा

राजस्थान की महिलाओं को इस रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से एक खास सौगात दी गई है। राज्य सरकार ने ऐलान किया है कि 9 और 10 अगस्त 2025 को महिलाएं राजस्थान रोडवेज की साधारण व एक्सप्रेस श्रेणी की बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगी। यह सुविधा केवल राज्य की सीमाओं के भीतर लागू होगी और महिलाओं को उनके भाइयों के पास पहुंचने में सहूलियत मिलेगी, जिससे त्योहार का आनंद और अधिक बढ़ जाएगा। यह घोषणा जयपुर में आयोजित ‘मुख्यमंत्री संग रक्षाबंधन: आंगनबाड़ी बहनों का सम्मान’ कार्यक्रम के दौरान की गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के दिन हर बहन चाहती है कि वह अपने भाई से मिलकर यह पर्व मनाए। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है। यात्रा सुविधा 9 अगस्त की सुबह से 10 अगस्त की रात 11:59 बजे तक उपलब्ध रहेगी। हालांकि यह सुविधा सिर्फ सामान्य और एक्सप्रेस बसों में ही मान्य होगी। वातानुकूलित, वोल्वो, और ऑल इंडिया परमिट वाली बसों को इस योजना में शामिल नहीं किया गया है। योजना से होने वाले खर्च का भुगतान राज्य सरकार द्वारा राजस्थान रोडवेज निगम को किया जाएगा।