राजस्थान के बीकानेर शहर में घरेलू झगड़ा इतना खतरनाक मोड़ ले गया कि एक व्यक्ति की जान चली गई। यह मामला कमला कॉलोनी का है, जहां बुधवार रात पति-पत्नी के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि नौबत चाकू तक आ गई। जानकारी के मुताबिक, गुस्से में तमतमाया पति किचन से चाकू लेकर पत्नी पर हमला करने दौड़ा। इसी दौरान दोनों के बीच हाथापाई हुई और चाकू चलाने के चक्कर में खुद पति ही गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने घायल हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी — डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस झगड़े में पत्नी और मृतक का भाई भी जख्मी हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामला घरेलू कलह से जुड़ा प्रतीत होता है, लेकिन घटनाक्रम को लेकर पूरी जांच की जा रही है।

