बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने हालिया ब्लॉग में उम्र से जुड़ी चुनौतियों और स्वास्थ्य से जुड़े अनुभव साझा किए हैं। 82 साल की उम्र में बिग बी ने बताया कि अब उन्हें रोज़मर्रा के कामों में पहले से कहीं ज्यादा सतर्क रहना पड़ता है। उन्होंने लिखा कि उम्र बढ़ने के साथ शरीर का बैलेंस बनाए रखना मुश्किल होता जा रहा है, जिस वजह से डॉक्टर ने उन्हें योग, ब्रीदिंग एक्सरसाइज और फ्लेक्सिबिलिटी वाली एक्सरसाइज करने की सलाह दी है। अमिताभ बच्चन ने बताया कि जो काम पहले बिना सोचे समझे हो जाते थे, अब उन्हें करने में काफी मेहनत और सावधानी लगती है। उन्होंने मज़ाकिया अंदाज़ में यह भी कहा कि ट्राउज़र पहनने जैसे छोटे काम में भी अब खड़े होकर बैलेंस बिगड़ सकता है, इसलिए डॉक्टर ने सलाह दी है कि बैठकर ही यह काम किया जाए। बिग बी ने ब्लॉग में यह भी लिखा कि अब उन्हें घर में हर जगह हैंडल बार्स का सहारा लेना पड़ता है, चाहे वो सिर्फ झुककर कोई चीज़ उठाना ही क्यों न हो। उन्होंने कहा कि इंसान की हिम्मत तो कहती है कि सब कर लेगा, लेकिन हकीकत में अब वो काम पहले जैसे आसान नहीं रहे। उन्होंने अपने फैंस को समझाते हुए लिखा कि शायद लोग अभी इस बात पर मुस्कुरा रहे होंगे, लेकिन एक दिन हर किसी को यह सच्चाई महसूस होगी। उम्र बढ़ने के साथ ज़िंदगी अचानक जैसे स्पीड ब्रेकर लगा देती है। अमिताभ बच्चन ने अपने विचारों का जिक्र करते हुए बताया कि यह सोच उनकी बेटी श्वेता द्वारा सुनाए गए कुछ दिव्य मंत्रों से भी प्रेरित है।

