हरियाणा के गुरुग्राम में यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी विनर एल्विश यादव के घर पर कुछ दिन पहले फायरिंग हुई थी। इस मामले में फरार चल रहे आरोपी इशांत को आज फरीदाबाद में पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जैसे ही पुलिस को लोकेशन का पता चला, फरीदाबाद क्राइम ब्रांच की टीम उसे पकड़ने पहुंची। लेकिन इशांत ने खुद को घिरता देख पुलिस पर 4 राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी। एनकाउंटर के बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, इशांत पिछले कई दिनों से फरीदाबाद में छिपा हुआ था और उसकी लोकेशन बदलती जा रही थी। अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि फायरिंग की असली वजह क्या थी और इसके पीछे किसी गैंग या प्लानिंग का हाथ है या नहीं।

