आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में स्थित काशीबुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर में शनिवार को एकादशी के मौके पर बड़ा हादसा हो गया। भीड़ के कारण मची भगदड़ में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दर्शन के दौरान भीड़ बढ़ने से रेलिंग टूट गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों को आशंका है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। मरने वालों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं।
हादसे के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें मंदिर की सीढ़ियों पर लोगों की भारी भीड़, महिलाओं और बच्चों की चीख-पुकार सुनाई दे रही है। भगदड़ के दौरान कुछ लोग जान बचाने के लिए दूसरों के ऊपर चढ़कर निकलते दिखे। वहीं, हादसे के बाद के दृश्यों में स्थानीय लोग और श्रद्धालु घायलों को बाहर निकालते और उन्हें सीपीआर देने की कोशिश करते नजर आए।
गृह मंत्री अनीता ने बताया कि मंदिर में आम दिनों में 1500 से 2000 श्रद्धालु आते हैं, लेकिन एकादशी होने के कारण शनिवार को संख्या कई गुना ज्यादा थी। उन्होंने बताया कि मंदिर पहली मंजिल पर स्थित है और यहां पहुंचने के लिए करीब 20 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। इसी दौरान धक्का-मुक्की बढ़ने से रेलिंग टूट गई और भगदड़ मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह से ही मंदिर परिसर में भीड़ का दबाव बहुत अधिक था। कई श्रद्धालु लाइन तोड़कर रेलिंग पार करते हुए अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान कई बच्चे और महिलाएं फंस गईं। स्थानीय लोगों ने मौके पर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं।
