अंता विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी जीत की पूरी कोशिशों के बावजूद अपनी रणनीति को जीत में नहीं बदल पाई। लगातार जनसंपर्क, मजबूत चुनावी प्रबंधन, दो बड़े रोड शो और वरिष्ठ नेताओं की सक्रियता — यह सभी प्रयास जमीन पर वही प्रभाव नहीं छोड़ सके जिसकी उम्मीद पार्टी कर रही थी। नतीजा यह रहा कि सत्ताधारी पार्टी अंत में दूसरे नंबर की लड़ाई में उलझकर रह गई।
दो रोड शो भी नहीं दिला सके फायदा

बीजेपी ने इस उपचुनाव में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के दो रोड शो आयोजित किए। प्रारंभिक योजना सिर्फ एक रोड शो की थी, लेकिन पहले कार्यक्रम में मिली भीड़ को देखकर उत्साह बढ़ा और दूसरा रोड शो भी करवाया गया। पहला रोड शो कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद जैन भाया के गढ़ मांगरोल में हुआ, जबकि दूसरा रोड शो अंता में प्रचार के आखिरी दिन आयोजित किया गया।
पहले रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री दोनों ने बीजेपी प्रत्याशी मोरपाल सुमन के हाथ थामकर शक्ति प्रदर्शन किया, लेकिन यह प्रभाव मतदान तक नहीं पहुँच पाया।
अनुभवी नेतृत्व की टीम, फिर भी चूक
बीजेपी ने इस चुनाव में रणनीति की कमान पांच बार के सांसद दुष्यंत सिंह और संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल को सौंपी थी। इनके साथ स्थानीय नेता गणेश माहुर को भी ज़िम्मेदारी दी गई। इसके अलावा मंत्रीगण भी नियमित रूप से क्षेत्र में मौजूद रहे।
वसुंधरा राजे, जो बारां–झालावाड़ की राजनीति में तीन दशक से अधिक समय से प्रभावशाली भूमिका निभाती रही हैं, उन्होंने भी लगातार संपर्क बनाए रखा और चुनावी रणनीति की मॉनिटरिंग की। इसके बावजूद अनुभवी टीम अपनी योजनाओं को प्रभावी नतीजों में तब्दील नहीं कर सकी।
स्थानीय नेताओं की ‘मुंह दिखाई’ और चुनाव से ज़्यादा दिखावे पर ध्यान
वरिष्ठ नेतृत्व के स्पष्ट निर्देश थे कि सभी नेता और कार्यकर्ता फील्ड में अधिक समय बिताएं, जनता के बीच जाकर सरकारी उपलब्धियों को बताएं और पार्टी की रीति-नीति समझाएं। लेकिन कई स्थानीय नेता सिर्फ औपचारिकता निभाने में ही व्यस्त दिखे।
चुनाव जिताने की वास्तविक कोशिशों से ज्यादा, कुछ नेताओं का फोकस केवल अपनी उपस्थिति दर्ज कराने और प्रदेश नेतृत्व की नजर में आने पर था। इससे जमीनी स्तर पर पार्टी का संदेश उतनी मजबूती से नहीं जा पाया जितनी आवश्यकता थी।
नतीजा: मजबूत तैयारियों के बावजूद उम्मीदों पर पानी
बीजेपी ने चुनावी मशीनरी, नेतृत्व और मेहनत — तीनों स्तरों पर तैयारी की थी, लेकिन रणनीतिक खामियों, कमजोर स्थानीय समन्वय और दिखावटी सक्रियता ने पार्टी की पूरी योजना को प्रभावित किया। अंततः कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद जैन भाया ने भारी बढ़त के साथ जीत दर्ज की और बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़े – जयपुर में अवैध गैस रीफिलिंग का भंडाफोड़: 240 सिलिंडर जब्त, एक गिरफ्तार

