livetv
Homeअन्यजयपुर में अवैध गैस रीफिलिंग का भंडाफोड़: 240 सिलिंडर जब्त, एक गिरफ्तार

जयपुर में अवैध गैस रीफिलिंग का भंडाफोड़: 240 सिलिंडर जब्त, एक गिरफ्तार

जयपुर। शहर के मानसरोवर, जगतपुरा सहित कई बाहरी इलाकों में अवैध गैस सिलिंडर रीफिलिंग का धंधा तेजी से फैलता जा रहा है। जिला रसद अधिकारी के नेतृत्व में पिछले कुछ दिनों से इन क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अवैध घरेलू गैस सिलेंडरों की बिक्री और रीफिलिंग की सूचनाएँ मिल रही थीं। इसी के बाद शुक्रवार देर रात कैंसर चौराहा क्षेत्र में चल रहे ऐसे ही एक ठिकाने पर छापेमारी की गई, जिसमें भारी मात्रा में सिलेंडर जब्त किए गए।

डीएसओ प्रियव्रत सारण ने बताया कि टीम को मौके से अवैध रूप से रीफिलिंग किए जा रहे 240 छोटे-बड़े सिलेंडर, अवैध फिटिंग की सामग्री और पाइपलाइन उपकरण मिले हैं। कैंसर चौराहा स्थित इस मकान में लंबे समय से अवैध सिलिंडरों का कारोबार चल रहा था। वहीं, मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

डीएसओ सारण के अनुसार, पिछले दस दिनों में प्रशासन ने बाहरी इलाकों में अवैध गैस रीफिलिंग को लेकर 10 एफआईआर दर्ज करवाई हैं। उन्होंने बताया कि मकानों और किराए के कमरों में चल रही ऐसी गतिविधियाँ न सिर्फ कानून के खिलाफ हैं, बल्कि किसी बड़े हादसे को भी जन्म दे सकती हैं।

प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि शहर में अवैध गैस सिलिंडर रीफिलिंग का कारोबार करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।