livetv
Homeइंटरनेशनलऑस्ट्रेलिया में भीषण हादसा: तेज रफ्तार BMW से टक्कर, 8 महीने की...

ऑस्ट्रेलिया में भीषण हादसा: तेज रफ्तार BMW से टक्कर, 8 महीने की गर्भवती भारतीय महिला की मौत

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में टहलने निकले एक भारतीय परिवार पर अचानक मौत टूट पड़ी। तेज रफ्तार BMW की वजह से हुई भीषण टक्कर में 33 वर्षीय भारतीय महिला और उनके गर्भ में पल रहे बच्चे दोनों की जान चली गई। हादसे के वक्त महिला अपने पति और तीन साल के बेटे के साथ सड़क पार कर रही थीं।


कैसे हुआ हादसा?

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पीड़िता की पहचान समन्विता धारेश्वर के रूप में हुई है। 14 नवंबर की रात करीब 8 बजे परिवार फुटपाथ से सड़क पार कर रहा था।

उसी समय पीछे से आई KIA कार ने परिवार को देखकर स्पीड कम कर दी, ताकि वे सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ सकें। लेकिन ठीक उसी पल पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार BMW ने KIA को जबरदस्त टक्कर मारी। टक्कर की ताकत इतनी थी कि KIA उछलकर सीधे समन्विता से जा टकराई।

समन्विता गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर बचा नहीं पाए। हादसे में उनके अजन्मे बच्चे की भी मौत हो गई।


19 वर्षीय BMW ड्राइवर गिरफ्तार

अगले दिन पुलिस ने BMW चलाने वाले युवा ड्राइवर की पहचान Aaron Papazoglou (उम्र 19) के रूप में की और उसे गिरफ्तार कर लिया। उस पर लापरवाही से गाड़ी चलाने और एक गर्भवती महिला की मौत का कारण बनने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

पीड़िता एक IT सिस्टम एनालिस्ट थीं और परिवार के साथ लंबे समय से सिडनी में रह रही थीं।


कोर्ट ने दी सख्त टिप्पणी, बेल खारिज

हादसे पर कोर्ट के मजिस्ट्रेट ने कहा कि यह बेहद दुखद और विनाशकारी घटना है, जिसने दो परिवारों को प्रभावित किया है।
फिलहाल आरोपी को जमानत देने से इंकार कर दिया गया है, और मामला आगे सुनवाई में है।

एक चश्मदीद ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि “महज एक पल में सब खत्म हो गया। आवाज बहुत भयानक थी, और महिला सड़क पर गिरी हुई थीं। समझ नहीं पा रहे थे कि वो बचेंगी या नहीं।”


KIA ड्राइवर से भी पूछताछ, लेकिन छोड़ दिया गया

पुलिस ने KIA कार चलाने वाले व्यक्ति को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। बाद में प्राथमिक जांच के बाद उसे रिहा कर दिया गया।
BMW ड्राइवर अभी भी हिरासत में है।