बिहार की राजनीति में इन दिनों ‘गालीकांड’ बड़ा चुनावी मुद्दा बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां को लेकर कांग्रेस और राजद नेताओं द्वारा दिए गए विवादित बयान के बाद बीजेपी ने मोर्चा खोल दिया है। बीजेपी महिला मोर्चा सड़कों पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन कर रही है, वहीं एनडीए के सहयोगी दलों ने भी विपक्ष के खिलाफ जमकर हमला बोला है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि यह सिर्फ प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि देश की हर महिला का अपमान है। उन्होंने कांग्रेस और राजद से माफी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। दूसरी ओर, विपक्षी दलों का कहना है कि बीजेपी इस मुद्दे को चुनावी लाभ लेने के लिए बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रही है। इस विवाद ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है और आने वाले विधानसभा चुनावों में यह मुद्दा प्रमुख राजनीतिक हथियार बन सकता है।

