livetv
Homeअन्यब्यावर में मातृशक्ति सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर...

ब्यावर में मातृशक्ति सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का दिलाया संकल्प

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने रविवार को ब्यावर स्थित मोतीमहल गार्डन में आयोजित अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा महिला प्रकोष्ठ प्रदेश सभा राजस्थान के मातृशक्ति सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में उनके पहुंचने पर साफा, शाल और माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। दिया कुमारी को अपने बीच देखकर महिलाओं में उत्साह और जोश का माहौल दिखाई दिया।

अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार महिलाओं को सशक्त बनाने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का सबसे अधिक लाभ महिलाओं को मिल रहा है, जिससे समाज में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिल रही है।

दिया कुमारी ने महिलाओं से आह्वान किया कि वे सरकारी योजनाओं से जुड़ें और अन्य महिलाओं को भी जोड़ें। उन्होंने कहा —

“हम सभी यहां से यह संकल्प लेकर जाएं कि हर महिला कम से कम 50 अन्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़े, ताकि हर घर तक इन योजनाओं का लाभ पहुंच सके।”

इसके साथ ही उपमुख्यमंत्री ने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को प्रोत्साहित करते हुए विदेशी उत्पादों के त्याग की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों के उपयोग से देश में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और विकसित भारत का सपना साकार होगा।

कार्यक्रम में ब्यावर विधायक शंकर रावत, विधायक अनीता भदेल, विश्वकर्मा कौशल बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष घनश्याम पंवार, अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष अमराराम, महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष सविता शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष डॉ. रेणु जांगिड़, महिला संघ सचिव पुष्पा जांगिड़, तथा भाजपा प्रदेश मंत्री अजीत मांडन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

यह भी पढ़े – ब्रेस्ट कैंसर से लड़ाई में जागरूकता है सबसे बड़ा हथियार