livetv
Homeस्टेट न्यूजदेवी अहिल्याबाई होल्कर नारी शक्ति की प्रतीक- सीएम भजनलाल शर्मा

देवी अहिल्याबाई होल्कर नारी शक्ति की प्रतीक- सीएम भजनलाल शर्मा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि 18वीं सदी में देवी अहिल्याबाई जी अपने साहस एवं बुद्धिमत्ता से नारी शक्ति की प्रतीक बनीं। उन्होंने महिला शिक्षा, धर्म, और सामाजिक सुधारों को बढ़ावा दिया। काशी विश्वनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण, सोमनाथ मंदिर और देशभर में अनेक तीर्थस्थलों का जीर्णाेद्धार उनके धार्मिक और सांस्कृतिक योगदान का प्रतीक है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीब, महिला, युवा, किसान सहित समाज के हर वर्ग का कल्याण कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आज हम सब सनातन संस्कृति के अभूतपूर्व उत्थान के साक्षी बन रहे हैं। उनकी संकल्प शक्ति से अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन में महाकाल महालोक, केदारनाथ एवं बद्रीनाथ मंदिर जैसे हमारे प्रमुख आस्थाधामों को दिव्य एवं भव्य स्वरूप मिला है। शर्मा ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री जी के मुताबिक इस देश में सिर्फ चार जातियां हैं- गरीब, युवा, अन्नदाता और महिला। उनकी प्रेरणा से हमारी सरकार भी इन चारों वर्गों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। गरीबी मुक्त राजस्थान की परिकल्पना को साकार करने के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना शुरू की है, जिसके तहत प्रथम चरण में 5 हजार गांवों के बीपीएल परिवारों को गरीबी रेखा से ऊपर लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना में भी 96 हजार से अधिक शहरी व ग्रामीण आवास बनाए गए हैं तथा 5 लाख 48 हजार से ज्यादा नए आवास स्वीकृत किए गए हैं। आवासविहीन बीपीएल, घुमन्तू, एवं अर्द्धघुमंतू परिवारों/व्यक्तियों को 26 हजार पट्टे वितरित किए गए हैं। स्वामित्व योजना के तहत प्रदेश में 8 लाख स्वामित्व कार्ड जारी किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लखपति दीदी योजना में 14 लाख से ज्यादा महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदान कर 7 लाख 80 हजार लखपति दीदी बनाया गया है। लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत 2 लाख 30 हजार बालिकाओं के जन्म पर डेढ़ लाख रुपये का सेविंग बॉण्ड उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने किसान कल्याण के लिए गेहूं के समर्थन मूल्य पर बोनस देकर पिछले साल 12 लाख मीट्रिक टन तथा इस वर्ष 17 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं की खरीद की है। इसी तरह किसान सम्मान निधि के तहत 76 लाख से अधिक किसानों को 6 हजार 800 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है।शर्मा ने कहा कि हमने 4 लाख सरकारी और निजी क्षेत्र में 6 लाख रोजगार देने का संकल्प लिया है। राज्य सरकार द्वारा 67 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां दे दी गई हैं तथा करीब 1 लाख 87 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। साथ ही, रोजगार मेलों के माध्यम से 65 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाया गया है तथा 3 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि देवी अहिल्याबाई होल्कर के मूल्य और जनसेवा और सांस्कृतिक उत्थान के लिए किए गए कार्य सबको हमेशा प्रेरित करते रहेंगे। कार्यक्रम में लखपति दीदी योजना के तहत 1,800 लाभार्थियों को ऋण वितरित तथा लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत 32 हजार 755 बालिकाओं को 11 करोड़ की राशि हस्तांतरित की गई। बालिकाओं को एसटी प्री-मैट्रिक योजना के तहत करीब 17 हजार बालिकाओं को 5 करोड़ से अधिक की राशि का हस्तांतरण एवं बालिका दुरस्थ शिक्षा योजना के तहत 20 हजार छात्राओं को 10 करोड़ की फीस का पुनर्भरण किया गया। इसके साथ ही गार्गी पुरस्कार और बालिका शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत 6 हजार 489 बालिकाओं को लगभग 3 करोड़ 40 लाख रुपये की राशि हस्तांतरित की गई।