livetv
Homeस्टेट न्यूजभजनलाल शर्मा के नेतृत्व में दिन-रात जनसेवा में जुटी राज्य सरकार-नड्डा

भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में दिन-रात जनसेवा में जुटी राज्य सरकार-नड्डा

केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर को समाज सुधारक के रूप में याद किया जाता है, उन्होंने संस्कृति एवं विरासत को पुनर्स्थापित करने का कार्य किया। उन्होंने जीवन में महिला उत्थान को ही अपना लक्ष्य माना। श्री नड्डा ने कहा कि आज देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण के साथ महिला-नेतृत्व विकास की ओर बढ़ रहा है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत लोकसभा एवं विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। नड्डा शनिवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर आयोजित महिला सशक्तीकरण महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों से प्रेरणा लेकर उनकी 300वीं जयंती पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने महिला शिक्षा एवं स्वास्थ्य कार्यक्रमों को महिला शक्ति को समर्पित किया है। उन्होंने राज्य सरकार की लाडो प्रोत्साहन योजना को लिंगानुपात सुधार एवं गर्भ की पाठशाला योजना को महिला स्वास्थ्य की दिशा में अच्छी पहल बताया। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश की तस्वीर बदली है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व ने राजनीति की संस्कृति को बदलने का काम किया है। अब दोषारोपण के बजाए समाज के हर वर्ग का सशक्तीकरण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने जबावदेहिता और उत्तरदायित्व को राजनीति की परिभाषा बनाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार दिन-रात जनसेवा में जुटी हुई है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में हॉलिस्टिक एप्रोच के साथ नई स्वास्थ्य नीति लागू की गई है। इसमें निवारण से लेकर पुनर्वास को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि 30 वर्ष की उम्र से ही कैंसर, डायबिटीज जैसे गंभीर बीमारियों की स्क्रीनिंग की जा रही है। देश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ उपलब्ध करवाते हुए 1 लाख 77 हजार आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाए गए है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के अन्तर्गत 64 हजार करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है। इसके तहत राजस्थान में 3 हजार करोड़ रूपये खर्च किए जाएंगे। देश में 23 एम्स संस्थान संचालित किए जा रहे है। राजस्थान में 23 नए मेडिकल कॉलेज खोले गए है। आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत देश के 63 करोड़ लोगों को 5 लाख रूपये तक का स्वास्थ्य बीमा दिया जा रहा है।