गोवा के पोंडा स्थित तपोवन आश्रम में अमैच्योर सॉफ्ट हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया और सॉफ्ट हॉकी लीग की संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता श्री दत्त पद्मनाभ पीठ के महामंडलेश्वर श्रीमत सदगुरू ब्रह्मानंदाचार्य स्वामी जी ने की। इस अवसर पर गुरुमाता भी उपस्थित रहीं। बैठक में सॉफ्ट हॉकी खेल के टैलेंट सर्च अभियान और लीग के दूसरे सत्र के आयोजन पर विस्तृत चर्चा की गई।
स्वामी ब्रह्मानंदाचार्य ने कहा कि सॉफ्ट हॉकी केवल एक खेल नहीं, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, संयम और सहयोग की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गोवा इस खेल की नई शुरुआत के लिए सर्वश्रेष्ठ स्थान है।

कार्यक्रम में गोवा के खेल मंत्री रमेश तवडारकर और पूर्व खेल मंत्री एवं विधायक गोविंद गावले विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने भी राज्य सरकार की भागीदारी को लेकर सॉफ्ट हॉकी लीग के नेशनल वाइस चेयरमैन डॉ. आदित्य नाग से टेलीफोन पर बातचीत की और खेल के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता जताई। मुख्यमंत्री ने अपनी व्यस्तता के कारण कार्यक्रम में उपस्थित न हो पाने का खेद भी व्यक्त किया।
बैठक का दूसरा चरण पणजी में आयोजित हुआ, जिसमें सरकार की ओर से मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रमुख सचिव विनोद पाड़के, खेल विभाग के सचिव संतोष सचदेव, शिक्षा विभाग के सचिव प्रसाद लोइयाकर, भाजपा युवा प्रकोष्ठ के रोहन शिरोडकर और समाजसेवी गजेश उपस्थित रहे। इस चरण में टीम गठन, प्रायोजन, आयोजन संरचना और संचालन पद्धति पर विस्तृत चर्चा की गई।
अगले दिन हुई बैठक में सॉफ्ट हॉकी लीग का डिजिटल संस्करण और प्रस्तुति (प्रेज़ेंटेशन) जारी की गई। इसमें राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन डॉ. आदित्य नाग और महासचिव रमेश सिंह ने प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया और आगामी योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की।
डॉ. आदित्य नाग ने कहा कि “गोवा की धरती पर यह आयोजन ऐतिहासिक है। यहां की खेल भावना और प्रशासनिक सहयोग ने सॉफ्ट हॉकी को नई ऊँचाई दी है। यह प्रयास खेल के राष्ट्रव्यापी प्रसार की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित होगा।”
अमैच्योर सॉफ्ट हॉकी फेडरेशन के महासचिव रमेश सिंह ने बताया कि गोवा का वातावरण लीग मैचों के लिए आदर्श है। उन्होंने घोषणा की कि उद्घाटन समारोह और प्रारंभिक मैच गोवा में, जबकि सेमीफाइनल, फाइनल और समापन समारोह जयपुर में आयोजित किए जाएंगे।
फेडरेशन के चेयरमैन डॉ. अशुतोष पंत के नेतृत्व में आयोजन समिति जल्द ही पूरे कार्यक्रम की अंतिम रूपरेखा तय करेगी। साथ ही, राज्य फेडरेशन के गठन की घोषणा भी शीघ्र की जाएगी।

