जयपुर जिले के मनोहरपुर इलाके में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मजदूरों से भरी एक बस हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे बस में करंट फैल गया और देखते ही देखते आग लग गई। हादसे में उत्तर प्रदेश के 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा मजदूर झुलस गए। बस में रखे गैस सिलेंडरों में से एक के फटने से धमाका भी हुआ, जिससे आग तेजी से फैल गई।
जयपुर कलेक्टर जितेंद्र सोनी ने बताया कि बस में कुल 65 मजदूर सवार थे, जिन्हें टोडी स्थित एक ईंट भट्टे पर काम के लिए लाया जा रहा था। हादसे में 5 गंभीर रूप से घायल मजदूरों को जयपुर के SMS हॉस्पिटल रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया
हादसे के बाद बस में लगातार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जो सिलेंडर ब्लास्ट की वजह से हुईं।
स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को निकालने का प्रयास किया।
आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाने के लिए आसपास के कई इलाकों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलानी पड़ीं।
घायलों का इलाज जारी
जयपुर के SMS हॉस्पिटल में सभी घायलों का इलाज चल रहा है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि बर्न यूनिट और अन्य विभागों की टीमें अलर्ट पर हैं और घायलों को तुरंत चिकित्सा दी जा रही है।
मृतकों की पहचान
मृतकों में नसीम (50) पुत्र अली हुसैन और सहीनम (20) पुत्री नसीम, दोनों पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) के निवासी बताए जा रहे हैं। तीसरे मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों की नाराजगी
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर हाईटेंशन लाइन हटाने की मांग पहले भी कई बार की गई थी, लेकिन प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसी लापरवाही ने आज तीन निर्दोष लोगों की जान ले ली।
देश में 15 दिनों में 5 बड़े बस हादसे
• 14 अक्टूबर, जैसलमेर-जोधपुर हाईवे: चलती AC स्लीपर बस में आग, 27 लोगों की मौत।
• 24 अक्टूबर, कुरनूल (आंध्रप्रदेश): बाइक से टक्कर के बाद बस में आग, 20 की मौत।
• 25 अक्टूबर, अशोकनगर (MP): शिवपुरी से इंदौर जा रही बस में आग, सभी यात्री सुरक्षित।
• 26 अक्टूबर, लखनऊ: आगरा एक्सप्रेस-वे पर AC बस का टायर फटने से आग लगी, 70 यात्री बाल-बाल बचे।
• 28 अक्टूबर, जयपुर: हाईटेंशन लाइन से बस टकराने के बाद आग, 3 की मौत, 10 से ज्यादा घायल।

