जयपुर। गोपालपुरा बाइपास स्थित निविक हॉस्पिटल में भर्ती एक महिला मरीज की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के कारण मरीज की जान गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने हॉस्पिटल का घेराव कर धरना शुरू कर दिया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जयपुर सीएमएचओ ने जांच कमेटी गठित की है। कमेटी ने इस केस को सुपर स्पेशियलिटी से जुड़ा बताते हुए विशेषज्ञ डॉक्टरों से जांच करवाने की सिफारिश की है।
सीएमएचओ डॉ. मनीष मित्तल के अनुसार, मरीज शशि शर्मा को 1 सितंबर को ब्रेन की समस्या के चलते निविक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जांच में ब्रेन में क्लॉट की पुष्टि होने पर डॉक्टरों ने ऑपरेशन किया। तब से मरीज अस्पताल में भर्ती थी और इलाज चल रहा था। हालांकि, बीते दिनों उनकी हालत बिगड़ गई और 28 सितंबर को मौत हो गई।
मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। वहीं, प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच जारी है।
यह भी देखे – तेज़ रफ्तार ज़िंदगी में तनाव से कैसे पाएँ राहत
