livetv
Homeअन्यजयपुर में 1275 किलो मिलावटी मसाले जब्त: “शुद्ध आहार – मिलावट पर...

जयपुर में 1275 किलो मिलावटी मसाले जब्त: “शुद्ध आहार – मिलावट पर वार” अभियान में बड़ी सफलता

जयपुर में राज्य सरकार के “शुद्ध आहार – मिलावट पर वार” अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा दल को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने शुक्रवार को करीब 1275 किलो मिलावटी मसालों का जखीरा जब्त किया।

यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, राजस्थान डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत के मार्गदर्शन में की गई।

कार्रवाई के दौरान टीम ने एक लोडिंग ऑटो को रोका, जिसमें हल्दी, मिर्च और धनिया पाउडर से भरे 11 कट्टे मिले। पूछताछ के बाद जांच टीम मुरलीपुरा स्थित कर्ती एंटरप्राइजेज फर्म तक पहुंची, जहां निरीक्षण के दौरान कुल 29 कट्टों में लगभग 1275 किलो मिलावटी मसाले बरामद किए गए।

जानकारी के अनुसार, इस व्यापारी के यहां से पहले भी लिए गए मसालों के नमूने “अनसेफ” पाए जा चुके हैं। खाद्य विभाग ने बताया कि मिलावट के मामलों को गंभीरता से लेते हुए, खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम की धारा 64 के तहत रिपोर्ट आने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. रवि शेखावत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम, ने कहा कि

“मिलावटखोरी के खिलाफ जिला प्रशासन के निर्देशों की पालना में लगातार कार्रवाई जारी है। नियमित बैठकों के माध्यम से रणनीति बनाकर ऐसे व्यापारियों की पहचान की जा रही है, और उनके विरुद्ध सख्त एवं निरंतर कदम उठाए जाएंगे।”

इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार शर्मा, वीरेंद्र कुमार सिंह, नरेश कुमार चेजारा, विशाल मित्तल, नरेंद्र शर्मा और पवन कुमार गुप्ता की सक्रिय भूमिका रही।

यह कार्रवाई सरकार के उस व्यापक अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य आम जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।