livetv
Homeनेशनलजैश-हिजबुल के आतंकी अब खैबर में बना रहे ठिकाने, ऑपरेशन सिंदूर के...

जैश-हिजबुल के आतंकी अब खैबर में बना रहे ठिकाने, ऑपरेशन सिंदूर के बाद PoK छोड़ने की तैयारी

भारतीय सेना के हालिया ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में सक्रिय आतंकी संगठनों को गहरा झटका दिया है। सैन्य सूत्रों के मुताबिक, भारतीय हमलों से भयभीत होकर जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकियों ने PoK को असुरक्षित मानते हुए वहां से निकलना शुरू कर दिया है।

खैबर पख्तूनख्वा बना नया अड्डा

सूत्रों के अनुसार, अब आतंकियों ने अफगानिस्तान से सटे खैबर पख्तूनख्वा की पहाड़ी इलाकों में अपने नए ठिकाने बनाने शुरू कर दिए हैं। यह इलाका पाकिस्तान के भीतर रणनीतिक रूप से अहम और अपेक्षाकृत सुरक्षित माना जाता है। आतंकियों का मानना है कि यहां भारतीय सेना के हमलों का खतरा कम है।

पाकिस्तानी संस्थाओं पर मदद का आरोप

भारतीय डिफेंस और मिलिट्री के सूत्रों का दावा है कि पाकिस्तान की सरकारी एजेंसियां आतंकियों को PoK से खैबर पख्तूनख्वा में शिफ्ट होने में मदद कर रही हैं। हाल ही में पाकिस्तान में कई स्थानों पर पुलिस सुरक्षा में जैश-ए-मोहम्मद ने सभाएं भी आयोजित कीं। इन कार्यक्रमों को कट्टरपंथी राजनीतिक-धार्मिक संगठन जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम का भी समर्थन मिला।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

भारतीय सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि आतंकी ठिकानों का यह बदलाव भारत-पाक सीमा पर नए खतरे की ओर इशारा करता है। विशेषज्ञ मानते हैं कि खैबर पख्तूनख्वा की नई गतिविधियां अफगानिस्तान और पाकिस्तान दोनों में अस्थिरता को और बढ़ा सकती हैं।