सर क्रीक बॉर्डर पर भारत की तीनों सेनाओं की जबरदस्त तैयारी से पाकिस्तान में दहशत फैल गई है।
भारतीय थलसेना, नौसेना और वायुसेना ने मिलकर पाकिस्तान से सटी सर क्रीक सीमा के पास एक बड़े स्तर का संयुक्त युद्धाभ्यास शुरू किया है।
भारत की ओर से इस क्षेत्र में “नोटिस-टू-एयरमेन (NOTAM)” जारी किया गया है, जिससे पाकिस्तान के सुरक्षा तंत्र में हड़कंप मच गया है। पाकिस्तान ने इस बीच अपने एयरस्पेस के बड़े हिस्से को प्रतिबंधित कर दिया है और सर क्रीक के पास हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, यह अब तक का सबसे बड़ा और रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण युद्धाभ्यास माना जा रहा है। पाकिस्तान को डर है कि भारत की यह सैन्य गतिविधि किसी बड़े ऑपरेशन का संकेत हो सकती है।

इस बीच, पाकिस्तान के नौसेना प्रमुख नावीद अशरफ ने सर क्रीक से जुड़ी अग्रिम चौकियों का दौरा किया और कहा कि “सर क्रीक से जिवानी तक पाकिस्तान अपनी समुद्री सीमा की रक्षा करेगा।”
हाल ही में भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी एक बयान में पाकिस्तान को चेताया था कि “सर क्रीक का रास्ता कराची तक जाता है, और अगर पाकिस्तान ने कोई हिमाकत की, तो उसका भूगोल बदल जाएगा।”
रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से सर क्रीक क्षेत्र में मिलिट्री बिल्डअप के बाद भारत ने यह युद्धाभ्यास स्पष्ट संदेश देने के लिए शुरू किया है।
इस पूरे घटनाक्रम को ऑपरेशन सिंदूर से भी जोड़कर देखा जा रहा है, जो अभी जारी है।
रणनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर भविष्य में भारत-पाकिस्तान के बीच कोई नया संघर्ष होता है, तो उसकी शुरुआत सर क्रीक क्षेत्र से ही हो सकती है। इसीलिए यह युद्धाभ्यास सिर्फ तैयारी नहीं, बल्कि पाकिस्तान को एक कड़ा चेतावनी संकेत भी है।

