livetv
Homeक्राइमपुणे के यवत में सांप्रदायिक तनाव: 500 से अधिक लोगों पर केस,...

पुणे के यवत में सांप्रदायिक तनाव: 500 से अधिक लोगों पर केस, 17 हिरासत में, धारा 163 लागू

पुणे जिले के यवत गांव में शुक्रवार को दो समुदायों के बीच सांप्रदायिक तनाव फैल गया। इस झड़प की शुरुआत एक सोशल मीडिया पोस्ट से हुई, जिसे आपत्तिजनक मानकर कुछ लोगों ने विरोध किया। धीरे-धीरे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद पुलिस को स्थिति संभालने के लिए बड़ी कार्रवाई करनी पड़ी। शुक्रवार दोपहर को एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट को लेकर विवाद शुरू हुआ। यह पोस्ट कुछ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली मानी गई। इसके बाद देखते ही देखते दोनों पक्षों में झड़प हो गई, जिसमें पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की घटनाएं भी हुईं। घटना के बाद पुणे ग्रामीण पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला। 500 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। अब तक 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने बताया कि हिंसा भड़काने वालों की पहचान की जा रही है और वीडियो फुटेज की जांच जारी है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यवत और आसपास के क्षेत्रों में धारा 163 लागू की गई है। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। पुणे ग्रामीण एसपी ने कहा, “हम किसी भी सांप्रदायिक तत्व को बख्शने वाले नहीं हैं। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हमने सोशल मीडिया निगरानी टीम को भी एक्टिव कर दिया है।” प्रशासन ने स्थानीय नेताओं और सामाजिक संगठनों के साथ बैठक कर हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की है।