राजस्थान में SI भर्ती 2021 पेपर लीक घोटाले के खिलाफ युवाओं का आंदोलन 100वें दिन में पहुंच गया है। राजधानी के शहीद स्मारक पर लगातार धरना दे रहे अभ्यर्थियों के साथ राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के संयोजक व सांसद हनुमान बेनीवाल डटे हुए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह संघर्ष पूरी तरह लोकतांत्रिक है और जब तक न्याय नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा। बेनीवाल ने राज्य सरकार पर लोकतंत्र की भावना से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भर्ती रद्द कर RPSC का पुनर्गठन होना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने तिरंगे रंग के गुब्बारे छोड़ते हुए संदेश दिया—”हम न थके हैं, न झुके हैं, और न ही रुके हैं।” इस बीच, हाईकोर्ट में भर्ती घोटाले को लेकर सुनवाई जारी है। 1 अगस्त की सुनवाई में याचिकाकर्ता अपनी बहस पूरी कर चुके हैं, जबकि सरकार की ओर से स्पष्ट जवाब नहीं आया है। अगली सुनवाई 4 अगस्त को होगी। याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि पेपर लीक से मेरिट प्रभावित हुई, जबकि सरकार का तर्क है कि गड़बड़ी सीमित स्तर पर थी और कार्रवाई हो चुकी है।

