राजस्थान के जैसलमेर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां सवारियों से भरी एक बस में चलते-चलते भीषण आग लग गई। हादसा थईयात क्षेत्र में हुआ, जब बस जैसलमेर से जोधपुर जा रही थी। बस में करीब 57 यात्री सवार थे। हादसे के बाद कई यात्रियों ने जान बचाने के लिए बस से छलांग लगा दी, जबकि कई लोग आग की चपेट में आ गए।
फायर ऑफिसर बोले – 10 से 12 लोगों की मौत की आशंका
मौके पर पहुंचे फायर ऑफिसर के अनुसार, घटना में अब तक 10 से 12 लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, तीन बच्चों समेत 15 से ज्यादा लोग झुलस गए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
बस में अचानक उठी लपटें, मौके पर मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक, यह बस दोपहर करीब 3 बजे जैसलमेर से जोधपुर के लिए रवाना हुई थी। लगभग 15 किलोमीटर दूर थईयात के पास बस के इंजन हिस्से से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और यात्रियों को निकालने की कोशिश की।
दमकल की 4 गाड़ियां मौके पर
घटना की सूचना पर दमकल की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है।
मुख्यमंत्री ने हादसे पर जताया दुख
राजस्थान के मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा शोक जताया है और प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों का मुफ्त इलाज कराया जाए तथा मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता दी जाए।
