livetv
Homeट्रेंडिंगराजस्थान में मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चा तेज, जयपुर में आरएसएस प्रमुख मोहन...

राजस्थान में मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चा तेज, जयपुर में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का प्रवास बढ़ा सियासी तापमान

जयपुर। राजस्थान की सियासत में ठंडी हवाओं के बीच राजनीतिक तापमान अचानक बढ़ गया है। राजधानी जयपुर में उपचुनाव के मतदान के साथ ही अब राज्य की राजनीति में हलचल और तेज़ हो गई है। इस बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के जयपुर आगमन ने सियासी गलियारों में नई सरगर्मी पैदा कर दी है।

हालांकि यह दौरा संघ के कार्यक्रम से जुड़ा बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे सिर्फ संगठनात्मक प्रवास नहीं, बल्कि सत्ता और संगठन के समीकरणों की थर्मामीटर टेस्टिंग के रूप में भी देखा जा रहा है।

संघ प्रमुख के आगमन से बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी

मोहन भागवत के जयपुर पहुंचते ही भाजपा संगठन और राज्य सरकार दोनों में हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री निवास से लेकर भाजपा दफ्तर तक सियासी गतिविधियां बढ़ गई हैं। चर्चाएं यह भी हैं कि भागवत के इस प्रवास के दौरान कौन-कौन से नेता और मंत्री उनके ‘दरबार’ में हाज़िरी देंगे।

मुख्य सचिव के तबादले के बीच दौरा बना चर्चा का विषय

इस दौरे से ठीक पहले राज्य सरकार ने अचानक मुख्य सचिव का तबादला कर उन्हें दिल्ली भेज दिया था, जबकि नए मुख्य सचिव की नियुक्ति अभी तक नहीं हुई है। ऐसे में संघ प्रमुख का जयपुर में ठहराव सियासी रूप से बेहद अहम माना जा रहा है।

सत्ता-संगठन और प्रशासन के बीच नए समीकरण की संभावना

राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि भागवत का यह प्रवास आने वाले दिनों में कई संकेत छोड़ सकता है।
सत्ता, संगठन और प्रशासन — तीनों ही स्तरों पर तालमेल और बदलाव की संभावनाओं पर चर्चा तेज हो गई है।
सूत्रों का कहना है कि यह प्रवास राज्य में संगठनात्मक और प्रशासनिक दोनों मोर्चों पर गुजरात मॉडल की झलक ला सकता है।

चार दिन के प्रवास पर निगाहें

राजस्थान में लंबे समय बाद संघ की टॉप-लेवल एक्टिविटी देखने को मिल रही है। पिछले कुछ महीनों से सरकार और संगठन के बीच साइलेंट टसल की खबरें आती रही हैं।
अब सवाल यह है कि भागवत का यह दौरा इन दूरियों को कम करेगा या नए सियासी संदेश छोड़ेगा।
फिलहाल इतना तय है कि जयपुर में मोहन भागवत की मौजूदगी ने सर्दी के बीच सियासत की तपिश और बढ़ा दी है।

यह भी पढ़े – श्रीमाधोपुर में बिजली निगम के जेईएन रंगे हाथों गिरफ्तार, 2500 रुपए की रिश्वत लेते ACB का छापा